• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आधुनिक रिसर्च तकनीकों से विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य संभव: प्रो. आशीष मंचंदा।

Published on: 30 Mar 2026

*आधुनिक रिसर्च तकनीकों से विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य संभव: प्रो. आशीष मंचंदा।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के प्रबंधन विभाग द्वारा “Research Tools and Techniques Used for Business Professionals” विषय पर एक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस व्याख्यान का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शोध पद्धतियों, डेटा विश्लेषण तकनीकों तथा व्यवसायिक निर्णयों में उनके उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय से प्रोफेसर आशीष मंचंदा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आधुनिक व्यवसाय में शोध (Research) की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में डेटा एनालिटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उन्नत साधनों के माध्यम से कंपनियां अपनी व्यवसायिक रणनीतियाँ तैयार कर रही हैं, जिससे न केवल उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि निर्णय प्रक्रिया भी अधिक सटीक एवं प्रभावी बनती है।

प्रो. मंचंदा ने विद्यार्थियों को शोध की मूलभूत अवधारणाओं से अवगत कराते हुए कहा कि एक सफल प्रबंधक बनने के लिए शोध पद्धतियों की गहन समझ अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार सही डेटा संग्रहण, विश्लेषण एवं व्याख्या के माध्यम से व्यवसायिक समस्याओं का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है।

अपने व्याख्यान के दौरान उन्होंने ANOVA तकनीक के माध्यम से डेटा विश्लेषण की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया। साथ ही, उन्होंने E-Views, STATA जैसे उन्नत सांख्यिकीय सॉफ्टवेयर के उपयोग पर भी विस्तृत जानकारी दी और विद्यार्थियों को इनके व्यावहारिक उपयोग के लिए प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यार्थियों को MS Excel पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण प्रदान किया, जिसमें डेटा साझा कर उन्हें व्यावहारिक अभ्यास कराया गया तथा Excel के माध्यम से डेटा विश्लेषण की प्रक्रिया सिखाई गई।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. रितु बजाज ने प्रो. आशीष मंचंदा का विभाग में आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी एवं कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विभाग द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि एमबीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम में इस प्रकार के विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और अपने प्रश्नों के माध्यम से विषय से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस संवादात्मक सत्र ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बना दिया।

अंत में विभाग के संकाय सदस्यों ने मुख्य वक्ता का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे।

इस अवसर पर प्रोफेसर समृद्धि तंवर, डॉ. भारती, डॉ. सुशांत, डॉ. देवेश अग्रवाल, श्री सुरेंद्र कुमार तथा डॉ. कंवर सिंह सहित विभाग के अन्य संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।